राज्य सब जूनियर बालक हाकी : लखनऊ फाइनल में, प्रयागराज से खिताबी भिड़ंत कल

लखनऊ। वंश राठौर (तीन गोल) के शानदार स्टिकवर्क और खिलाड़ियों के तालमेल भरे खेल सेे मेजबान लखनऊ ने केडी सिंह बाबू स्वर्ण जयंती सब-जूनियर बालक अंडर-14 राज्य स्तरीय हाकी प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में रायबरेली को 5-0 से मात देकर फाइनल में इंट्री की।

केडी सिंह बाबू स्वर्ण जयंती सब-जूनियर बालक अंडर-14 राज्य स्तरीय हाकी


पद्मश्री मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में खेली जा रही इस प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में प्रयागराज ने विवेक अकादमी वाराणसी को 3-1 गोल से हराया। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।

पहला सेमीफाइनल: लखनऊ ने रायबरेली को 5-0 से हराया

मेजबान लखनऊ ने रायबरेली के खिलाफ सेमीफाइनल में शुरू से ही मैच पर पकड़ बना ली। पहले हॉफ में वंश राठौर ने रायबरेली के कमजोर डिफेंस का फायदा उठाते हुए नौवें मिनट में पहला गोल दागा। 
इसके बाद रायबरेली ने भी तेजी दिखाई लेकिन खेल के 17वें मिनट में वंश राठौर ने साथी खिलाड़ी से मिले पास पर गोल दागकर मध्यांतर तक लखनऊ की बढ़त 2-0 कर दी। मध्यांतर के बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ लेकिन लखनऊ टीम को 42वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर मिला जिस पर हृदयांश ने गोल दागा।
हालांकि रायबरेली की टीम ने कई आक्रामक मूव बनाए लेकिन लखनऊ के गोलकीपर पीयूष चंद्रा ने कमाल का प्रदर्शन किया। इसी बीच लखनऊ के कप्तान रितिक ने 45वें मिनट में प्रतिद्वंद्वी गोलकीपर को चकमा देते हुए गोल दागकर टीम की बढ़त 4-0 कर दी। लखनऊ की ओर से अंतिम गोल वंश राठौर ने 51वें मिनट में किया। इससे लखनऊ ने 5-0 की बढ़त हासिल कर ली जो अंत तक कायम रही।

दूसरा सेमीफाइनल: प्रयागराज ने विवेक अकादमी वाराणसी को 3-1 से हराया

दूसरे सेमीफाइनल में प्रयागराज ने विवेक अकादमी वाराणसी को 3-1 गोल से मात दी। इस मैच में पहला गोल करने के लिए 34 मिनट इंतजार करना पड़ा। यह गोल प्रयागराज से मोहम्मद अता ने 35वें मिनट में मिले पेनॉल्टी कार्नर पर किया। इसके छह मिनट बाद ही विवेक अकादमी को भी पेनाल्टी कार्नर मिला जिस पर आयुष चौरसिया ने 41वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। 
हालांकि प्रयागराज के कप्तान मोहम्मद कशान ने शानदार खेल दिखाया जिन्होंने 45वें मिनट में मैदानी गोल दागा तो इसके पांच मिनट बाद ही मिले पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला।
इससे पूर्व सेमीफाइनल मुकाबलों में मुख्य अतिथि पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी बुला गांगुली और एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक रमेश कुमार शाही ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। फाइनल मुकाबला कल दोपहर 2ः30 बजे से खेला जाएगा।

Comments